24.9 C
Kolkata
Saturday, February 28, 2026

झारखंड में राज्यस्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

रांची। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को रांची के सदर अस्पताल ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सलोनी नाम की किशोरी को पहला वैक्सीन डोज लगाया गया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल के तहत देश की बेटियों को पढ़ाई के साथ-साथ सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करना राज्य की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस पहल का समर्थन करें और जागरूकता फैलाएं। साथ ही उन्होंने रांची में नए मानसिक स्वास्थ्य केंद्र (निमहांस-02) की घोषणा का भी उल्लेख किया।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि यह अभियान राज्य की बेटियों को गंभीर और जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है और 2022 में इसके 79,000 से अधिक नए मामले और 34,000 से अधिक मौतें दर्ज हुईं।

इरफान अंसारी ने बताया कि गार्डासील-04 (एचपीवी) वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है और ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के प्रकार 06, 11, 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है। विशेष रूप से प्रकार 16 और 18 लगभग 77 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर मामलों के लिए जिम्मेदार हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह टीका 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को चयनित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों—सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। प्रारंभिक तीन महीने यह अभियान विशेष ड्राइव के रूप में चलेगा, उसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में एक खुराक की कीमत लगभग 4,000 रुपये है, इसलिए राज्य सरकार ने इसे निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन से स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी नाराज होकर बीच में उठकर चले गए। बताया जा रहा है कि यह स्थिति रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से प्रधानमंत्री के ऑडियो को कम या म्यूट करने को लेकर हुए विवाद के कारण उत्पन्न हुई।

कार्यक्रम को स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव विदयानंद झा, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर अपर सचिव विद्यानंद शर्मा, निदेशक (पंकज), निदेशक आईपीएच डॉ. एस सरकार, डॉ. अजीत खालको, डॉ. विजय किशोर रजक, डॉ. विमलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles