बिरसा भूमि लाइव
भाजपाई सत्ता के मित्र पूंजीपतियों को सरकारी खजाने की लूट करने नहीं देंगे: राजेश ठाकुर
रांची: केंद्र सरकार के घोर पूंजीवादी नीतियों क्रोनी कैपिटलीजम के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार का राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से कचहरी चौक होते हुए राजभवन मार्च प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं नेता कांग्रेस विधायक दल आलमगीर आलम के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, उच्चतम बेरोज़गारी और कुशासन की विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए सरकार द्वारा प्रायोजित विभाजनकारी एजेंडे का दंश झेल रहे देशवासियों के साथ कांग्रेस पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। लेकिन एक ज़िम्मेदार विपक्षी दल होने के नाते हम भाजपाई सत्ता के मित्र पूंजीपतियों को सरकारी खजाने की लूट की खुली छूट और प्रधानमंत्री से संबंधित इस पूरे अडानी महाघोटाले में हो रहे घोटालों से भी चिंतित हैं। इसलिए हम सरकार को उसकी ज़िम्मेदारी से भागने की इजाज़त नहीं दे सकते।
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि देशवासी जानना चाहते हैं कि कैसे एक संदिग्ध साख वाला समूह, जिस पर टैक्स हेवन देशों से संचालित विदेशी शेल कंपनियों से संबंधों का आरोप है, भारत की संपत्तियों पर एकाधिपत्य स्थापित कर रहा है और इस सब पर सरकारी एजेंसियां या तो कोई कार्यवाही नहीं कर रही हैं या इन सब संदिग्ध गतिविधियों को ही सुगम बनाने में जुटी हैं।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि हम किसी व्यक्ति के दुनिया के अमीरों की सूची में 609वें से दूसरे स्थान पर पहुंचने के खिलाफ नहीं है। लेकिन हम निस्संदेह सरकार द्वारा प्रायोजित निजी एकाधिकारों के ख़िलाफ़ हैं क्योंकि वे जनता के हितों के विरुद्ध होते हैं। विशेष तौर पर हम टैक्स हेवन देशों से आपत्तिजनक संबंधों, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे एक ख़ास व्यक्ति द्वारा हमारी अंतर्राष्ट्रीय सद्भावना और राष्ट्रीय संसाधनों का लाभ उठाते हुए एकाधिपत्य स्थापित करने के ख़िलाफ़ हैं।
देश में फिर से कंपनी राज स्थापित नहीं होने देंगे: बन्ना गुप्ता : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम देश में फिर से कंपनी राज स्थापित नहीं होने देंगे। हम जानना चाहते हैं कि मोदी सरकार इस मुद्दे पर जांच के लिए एक संयुक्त संसदीय समिति बनाने से क्यों डर रही है जबकि संसद के दोनों सदनों में उसका अच्छा बहुमत है। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि हम जानना चाहते हैं कि टैक्स हेवन देशों से संचालित होने वाली विदेशी शेल कंपनियों से भारत आने वाले काले धन का असली मालिक कौन है।
राजभवन घेराव कार्यक्रम को एआईसीसी सचिव सह विधायक दीपिका पांडे सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, उपनेता विधायक दल प्रदीप यादव, विधायक डॉ इरफान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, केशव महतो कमलेश, ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, मोर्चा संगठन प्रभारी रवीन्द्र सिंह, महिला अध्यक्ष गुंजन सिंह, केदार पासवान, अभिलाष साहु ने भी संबोधित किया। राजभवन घेराव कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद एवं डॉ एम तौसीफ ने किया। धन्यवाद ज्ञापन रांची जिला ग्रामीण अध्यक्ष डॉ राकेश किरण महतो ने किया। पूरे कार्यक्रम का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सोशल मीडिया के स्टेट को-ऑर्डिनेटर गंजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लाइव प्रसारण किया गया।