23.6 C
Kolkata
Wednesday, March 4, 2026

रांची समेत झारखंड में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में पारा 3 डिग्री तक गिरा

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार तीसरे दिन रांची का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। सुबह और रात के समय तेज ठंड के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

रांची से सटे कांके में इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया। शाम होते ही ठंडी हवाओं के साथ कनकनी बढ़ जाती है, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बाजारों में भी शाम के समय जल्दी सन्नाटा पसर जा रहा है। ठंड का असर बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा देखा जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व दिशा से सर्द हवाएं चल रही हैं। इसी वजह से पूरे झारखंड में तापमान में तेज गिरावट आई है। गुमला में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, खूंटी में 5.7 डिग्री और लोहरदगा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में 8.1 डिग्री, चाईबासा में 9.4 डिग्री और सरायकेला में 9.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मेदिनीनगर में पारा 7.1 डिग्री तक गिर गया है। वहीं जामताड़ा, साहिबगंज और गोड्डा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रहा। बीते 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिकतम तापमान चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब दो डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे दिन में भी हल्की ठंड महसूस की गई।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 दिसंबर के बाद फिर से ठंड बढ़ सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक देवघर, धनबाद, दुमका, जामताड़ा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। चतरा, गढ़वा, पलामू और लोहरदगा में ठंड का असर ज्यादा बना रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान फिलहाल 7 से 8 डिग्री के आसपास रहकर धीरे-धीरे 10 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।

रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में भी ठंड से आंशिक राहत के आसार हैं। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles