बिरसा भूमि लाइव
पलामू : झारखंड में पलामू के पांकी बाजार में महाशिवरात्रि के लिए लगाए गए तोरण द्वार के कारण बुधवार को विवाद हो गया। दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। मस्जिद से पत्थर फेंके गए, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने मस्जिद पर पत्थर चलाए। कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। हालात को नियंत्रण में करने के लिए धारा 144 लगा दी गई है। साथ ही पलामू में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। इसको लेकर झारखंड सरकार के गृह विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दिया है, जिसमें 16 फरवरी शाम 4 बजे तक इंटरनेट बंद रखने को कहा गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के लोग अपने पर्व की तैयारी को लेकर तोरण द्वार बना रहे थे और झंडा लगा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो गयी। बात बिगड़ गयी और दोनों तरफ से पत्थरबाजी और तोड़फोड़ होने लगी। इस घटना में दोनों समुदाय के लोग और पुलिस जवान घायल हुए हैं। हालांकि अभी स्थिति नियंत्रण में है।
वहीं पाकी विधायक शशिभूषण मेहता समेत कई लोग मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। पलामू जोन के आईजी राजकुमार लाकड़ा, पलामू डीसी ए दोड्डे, एसपी चंदन कुमार सिन्हा समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। आईजी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोग अफवाह नहीं फैलाएं। अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस कड़ी नजर रखी हुई है।