“सब कुशल मंगल” और “रांची डायरीज” की शूटिंग हुई थी रांची में
झारखंड के कलाकारों ने उनके निधन पर जताया शोक
अक्षय तिवारी
रांची: अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और स्क्रीन राइटर सतीश कौशिक का हार्ट अटैक से निधन हो गया। सतीश कौशिक 100 से अधिक फिल्मों में यागदार रोल कर चुके हैं। सतीश कौशिक ने फिल्म की शूटिंग के लिए रांची में आ चुके हैं। उन्होंने रांची में हिंदी फिल्म “सब कुशल मंगल है” में काम किया है। इस फिल्म की शूटिंग वर्ष 2019 में हुई थी। इस फिल्म में अभिनेता और सांसद रवि किशन की बेटी रीवा किशन और अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के बेटे प्रियांक शर्मा ने काम किया है। इस फिल्म में उन्होंने प्रियांक शर्मा के पिता का रोल किया था।
बहुत ही सुलझे और हंसमुख व्यक्ति थे सतीश कौशिक: रमन गुप्ता
उनके निधन पर झारखंड के कलाकारों ने शोक जताया है। अभिनेता रमन गुप्ता उनके साथ हिंदी फिल्म “रांची डायरीज” में काम कर चुके हैं। उन्होंने बिरसा भूमि से बातचीत में बताया कि सतीश कौशिक बहुत ही सुलझे और हंसमुख व्यक्ति थे। उनके साथ लगभग 20 दिन साथ रहने का मौका मिला था। इस दौरान उन्हें अभिनय के बारे में जानकारी दी। रांची डायरीज में शूटिंग के दौरान बड़े बड़े कलाकारों के बीच काम करने में असहज महसूस कर रहा था, लेकिन सतीश कौशिक ने कहा कि धीरे से एक लंबी सांस लो और अपना पूरा डायलॉग बोल दो। उनकी बातों को सुनकर लगा कि इतने बड़े कलाकार हो कर भी वे छोटे कलाकारों को भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। उनका दिल बहुत बड़ा था। वे अपनी तकलीफ को हंस कर बता कर पास कर दिया करते थे। फिल्म के सेट पर हंसी मजाक कर पूरा माहौल को खुशनुमा बना देते थे। रमन गुप्ता ने कहा कि उनका अचानक जाना दुखदायी है। उनके साथ काम करने का अनुभव जीवन भर याद रहेगा। ऐसे इंसान को खोना दर्शकों के लिए बड़ा नुकसान है।
मस्तौला और व्यवहारिक आदमी थे सतीश: रितेश
लाइन प्रोड्यूसर रितेश गुप्ता ने बिरसा भूमि से बताया कि हिंदी फिल्म “सब कुशल मंगल” की शूटिंग रांची में हुई थी। इस दौरान वे 15 दिनों तक रांची में रहे। उन्हें रांची का मौसम बहुत पंसद आया था। वे एक मस्तौला और व्यवहारिक आदमी थे। किसी भी बातों को ऐसे तरीके से रखते थे कि लोग उनकी बातों से प्रभावित हो जाते थे। तनाव तो कभी उनके चेहरे पर दिखता ही नहीं था। छोटे कलाकारों से भी मिलजुल कर काम करते थे। उनके निधन से बॉलीवुड को बड़ा झटका है। पर्दे पर हमेशा हंसाने वाले सभी को रूला कर चल दिये।