26.9 C
Kolkata
Monday, July 13, 2026

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, संबलपुर भाग रहे नाबालिग प्रेमी युगल को आरपीएफ ने सकुशल बरामद

पश्चिमी सिंहभूम। मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से घर से भागकर ओडिशा के संबलपुर जा रहे एक नाबालिग प्रेमी युगल को सकुशल बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

गश्त के दौरान दोनों पर हुई नजर

रविवार शाम आरपीएफ प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में मनोहरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नियमित गश्त के दौरान टीम की नजर संदिग्ध परिस्थितियों में बैठे एक किशोर और किशोरी पर पड़ी। पूछताछ में दोनों ने खुद को मनोहरपुर और गोईलकेरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया। दस्तावेजों की जांच में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई।

संबलपुर जाकर साथ रहने की थी योजना

पूछताछ में दोनों ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई थी। बाद में मनोहरपुर के साप्ताहिक बाजार में पहली बार मुलाकात हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। परिवार को बिना बताए दोनों ने ओडिशा के संबलपुर जाकर साथ रहने की योजना बनाई थी और इसी उद्देश्य से रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।

परिजनों को सौंपा गया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने दोनों को संरक्षण में लेकर उनके परिजनों को सूचना दी। सोमवार को चाइल्ड लाइन और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया, जबकि नाबालिग लड़के को काउंसलिंग और आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख