33 C
Kolkata
Monday, April 6, 2026

एलपीजी संकट की खबरें महज अफवाह: केंद्र सरकार ने कहा- ‘देश में गैस का पर्याप्त भंडार, घबराकर न करें जमाखोरी’

नई दिल्ली | देश में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। सोमवार को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने स्पष्ट किया कि भारत के पास ईंधन और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग (अनावश्यक भंडारण) से बचें।

प्रतिदिन 50 लाख सिलेंडरों की हो रही बिक्री
राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सरकार ने आपूर्ति के आंकड़े साझा किए, देश में हर दिन लगभग 50 लाख सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की बिक्री तेज कर दी गई है। इसके लिए केवल एक पहचान पत्र की जरूरत है, निवास प्रमाण पत्र की नहीं। पिछले पांच हफ्तों में करीब 18 करोड़ घरों तक रसोई गैस पहुंचाई गई है।

पश्चिम एशिया संकट का असर नहीं होने देगी सरकार
संयुक्त सचिव ने स्वीकार किया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण आयात पर कुछ दबाव जरूर है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा वहीं से मंगवाता है। हालांकि, सरकार ने समय रहते अतिरिक्त कार्गो का इंतजाम कर लिया है ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो।

कालाबाजारी पर सर्जिकल स्ट्राइक: 220 गिरफ्तार
गैस की किल्लत पैदा करने वाले जमाखोरों के खिलाफ सरकार ने देशव्यापी अभियान छेड़ रखा है. पिछले 4-5 हफ्तों में 1 लाख से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई। 52 हजार सिलेंडर जब्त किए गए हैं। 850 शिकायतें दर्ज कर 220 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नियमों के उल्लंघन पर 118 विक्रेताओं पर जुर्माना लगाया गया और 41 को निलंबित कर दिया गया है।

पारदर्शिता के लिए OTP और ऑनलाइन बुकिंग
गैस के डायवर्जन को रोकने के लिए अब 90 प्रतिशत डिलीवरी ‘ऑथेंटिकेशन कोड’ (OTP) के जरिए की जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग भी 97 प्रतिशत के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस एजेंसियां रविवार और छुट्टियों के दिन भी खुली रखी जा रही हैं। साथ ही, उर्वरक संयंत्रों और सीएनजी/पीएनजी की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख