31 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

रांची: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारातियों से भरी बस पलटी; 20 घायल, पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल

राहे (रांची): राजधानी रांची के राहे थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे यात्रियों से भरी एक बस दुलमी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी ‘संकट मोचन’ बस

जानकारी के अनुसार, ‘संकट मोचन’ नामक बस (पंजीकरण संख्या- JH01AU-4949) राहे के डोमांडी गांव से सोनाहातू के कोड़ाडीह गांव की ओर जा रही थी। बस में क्षमता से अधिक करीब 40 से 50 लोग सवार थे। दुलमी गांव के समीप पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क के किनारे पलट गई। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

एंबुलेंस का इंतजार नहीं, पुलिस की गाड़ियों से पहुंचे घायल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर फंसे हुए बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही सोनाहातू पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक जब एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी और घायलों की तड़प बढ़ती गई, तो पुलिस कर्मियों ने देरी न करते हुए अपने सरकारी वाहनों को ही एंबुलेंस बना लिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS) रांची रेफर कर दिया गया है।

चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

दुर्घटना के तुरंत बाद अंधेरे का फायदा उठाकर बस चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख