रांची | झारखंड की राजधानी रांची में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक और प्रभावी स्ट्राइक की है। खरसीदाग ओपी क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले दो तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथ दबोचा है।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
रांची एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। सूचना थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से तुपुदाना की ओर से रिंग रोड होते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर खरसीदाग इलाके में प्रवेश करने वाले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ा
पुलिस टीम ने भुसुर चौक के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर गेल गोदाम के पास घेराबंदी की और दोनों को धर दबोचा।
बरामदगी और आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले भिपी सिंह मुंडा (32 वर्ष) और गरूपदो सिंह मुंडा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किया.
बंगाल से रांची तक फैला है नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने कबूल किया कि वे पुरुलिया से ब्राउन शुगर लाकर रांची के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि नामकुम थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के स्थानीय संपर्कों और मास्टरमाइंड की तलाश में छापेमारी कर रही है।

