पलामू । बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक युवक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में पलामू के डालटनगंज रेलवे स्टेशन टेंपो चालक संघ की ओर से बुधवार को प्रदर्शन किया गया और हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की गई। प्रदर्शन की शुरुआत डालटनगंज रेलवे स्टेशन से हुई। इसके बाद बेलवाटिका चौक, सद्दीक मंजिल चौक, छहमुहान, बस डिपो होते हुए पुनः डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर आकर प्रदर्शन को समाप्त किया गया।
इस क्रम में दीपू चंद्र दास के हत्यारे को फांसी देने, पलामू एवं झारखंड प्रदेश से बांग्लादेशी रोहिंग्या को बाहर निकालने की मांग की गई। भारत माता की जय के नारे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व दुर्गा जौहरी ने किया। कार्यक्रम में डालटनगंज रेलवे टेंपो चालक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मौके पर दुर्गा जौहरी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा हो रही है। बावजूद वहां की सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। हिंसा करने के लिए छूट दे रखी है। दुर्गा ने धार्मिक उत्पीड़न एवं मानवाधिकार उल्लंघन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भारत सरकार से सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में डालटनगंज रेलवे टेंपो चालक संघ के रंजन कुमार ठाकुर, विक्रम कुमार गुप्ता, संजय पाल, संतोष गुप्ता, बड़े भोला, बड़ा बाबू, राजन, गोलू, बूची मियां, प्रेम विश्वकर्मा, छोटू खां, नसीम अंसारी,चंदन कुमार सहित अन्य शामिल थे।


