27 C
Kolkata
Thursday, February 5, 2026

डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी व अन्य ने दी श्रद्धांजलि

देश के प्रथम राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अन्य ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने साेशल मीडिया एक्स पर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को याद करते हुए उनके आदर्शों और योगदान को नमन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साेशल मीडिया एक्स पर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने जिस गरिमा, समर्पण और स्पष्टता से देश की सेवा की, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता भावी पीढ़ियों को मार्ग दिखाती रहेगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद न केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, बल्कि संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने दूरदर्शिता, धैर्य और संवाद की अद्भुत क्षमता का परिचय दिया। दो बार राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल भारत की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अमिट छाप छोड़ गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत के संविधान निर्माण में डॉ. प्रसाद की भूमिका को अद्वितीय बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी निष्काम सेवा, सरलता और उच्च विचार हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, नैतिक नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की विरासत सभी को प्रेरित करती है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के अध्यक्ष, ‘भारतरत्न’ डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। डॉ. राजेंद्र प्रसाद का आदर्श जीवन, विनम्रता और राष्ट्रसेवा की भावना हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। उनके योगदान से भारतीय लोकतंत्र की नींव सशक्त व सुदृढ़ हुई है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले भारत के प्रथम राष्ट्रपति “भारत रत्न” डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। आपकी विनम्रता, समर्पण और लोकतंत्र के सिद्धांतों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें सादर नमन। भारतीय गणराज्य की नींव को स्थिरता, संतुलन और नैतिक मार्गदर्शन प्रदान करने में उनका योगदान अद्वितीय है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण तक, उनकी तपस्वी भूमिका ने राष्ट्र को एक नई दिशा दी। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने भारत को जनमानस की भावनाओं के अनुरूप नेतृत्व दिया और लोकतंत्र की संस्कृति को चरित्र का आधार बनाया। उनका आदर्श जीवन हम सभी को राष्ट्रसेवा हेतु प्रेरित करता है।
उल्लेखनीय है कि, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर, 1884 को बिहार के सारण जिले के जीरादेई में हुआ था। गांधीजी के नेतृत्व में चंपारण सत्याग्रह से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles