29 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

आयुष्मान आरोग्य लोकेटर” को प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड-2025

रांची। डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। राज्य सरकार की नागरिक-केंद्रित डिजिटल पहल “आयुष्मान आरोग्य लोकेटर” को प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के अंतर्गत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के उत्कृष्ट कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का प्रमाण है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित सम्मान समारोह में “आयुष्मान आरोग्य लोकेटर” परियोजना के लिए यह पुरस्कार आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के मिशन डायरेक्टर सह अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज को उनकी टीम के साथ प्रदान किया गया। इस अवसर पर एबीडीएम के संयुक्त निदेशक सहित मिशन से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।
दरअसल, “आयुष्मान आरोग्य लोकेटर” विशेष रूप से आम नागरिकों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस पहल के माध्यम से लोग अब केवल एक साधारण गूगल सर्च के जरिए अपने आसपास उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की तस्वीरें, संपर्क नंबर, दिशा-निर्देश (लोकेशन), तथा वहां उपलब्ध सेवाओं का विस्तृत विवरण शामिल है।
इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मैपिंग स्वास्थ्य उप-केंद्र स्तर तक पूरी की गई है। इससे न केवल शहरी,, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र की जानकारी आसानी से मिल पा रही है। यह व्यवस्था अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाओं की दृश्यता और पहुंच सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध हो रही है।
“आयुष्मान आरोग्य लोकेटर” स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता को सशक्त करता है और नागरिकों की सेवाओं तक पहुंच को सरल एवं प्रभावी बनाता है। विशेषकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह प्लेटफॉर्म समय पर उपचार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह पहल आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
उल्लेखनीय है कि स्कॉच समूह देशभर में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन कर राज्यों एवं संस्थानों का चयन पुरस्कार के लिए करता है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच से सम्मान मिलना झारखंड के लिए गौरव की बात है और यह राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य नवाचारों को और आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा भी है।

Related Articles

नवीनतम लेख