प्रयागराज । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसा मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात फाफामऊ थाने में पूर्व मंत्री अंसार अहमद एवं कोल्ड स्टोरेज मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि इस संबंध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि इस संबंध में कोल्ड स्टोरेज मालिक अंसार अहमद और मैनेजर एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा सोमवार देर रात दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में मृत सभी मजदूरों के परिवार से प्रार्थना पत्र लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सोमवार देर शाम को सेना भी पहुंची। और वहां मौजूद मलवे को हटाने की कार्रवाई जारी है। हादसे के बाद से कोल्ड स्टोरेज मालिक एवं मैंनेजर का पता नहीं चल पा रहा है।
अंसार अहमद का कारोबारी जीवन
माफिया अतीक अहमद से अंसार अहमद का पुराना नाता है। उत्तर प्रदेश में अतीक अहमद अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष थे। अतीक ने तांगा चलाने वाले अंसार अहमद को अचानक विधायक का टिकट दिया और अंसार अहमद अपना दल के पहले विधायक चुने गए। हालांकि बाद में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए और सपा के टिकट पर नवाबगंज से चुनाव लड़ें और गुरू प्रसाद मौर्य को हराकर विधानसभा दुबारा गए तो मुलायम सिंह यादव ने इन्हें मंत्री बना दिया। हालांकि वर्तमान में वह विधायक नहीं है।


