रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर जारी आरक्षण सूची पर सियासत शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निगम के महापौर और नगर परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए जारी आरक्षण पर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी ने राज्य सरकार पर मनमाने तरीके से चुनाव कराने का आरोप लगाया है। बीजेपी प्रवक्ता अविनेश कुमार ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आरक्षण रोस्टर में जिस तरह की गड़बड़ी हुई है, उससे सरकार की मंशा साफ नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इस प्रक्रिया को उलझाना चाहती है, ताकि विवाद पैदा हो और चुनाव टल जाए। वहीं, बीजेपी के आरोपों को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने खारिज किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि चुनाव में देरी जरूर हुई है, लेकिन आरक्षण रोस्टर पूरी पारदर्शिता के साथ तय किया गया है। उन्होंने कहा कि जारी सूची में सभी वर्गों को जगह दी गई है और यह संतुलित है। उन्होंने बीजेपी के आरोपों को बेबुनियाद बताया।


