डिब्रूगढ़ (असम) | प्रधानमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को असम के डिब्रूगढ़ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। पीएम मोदी ने कांग्रेस को ‘विकास विरोधी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व देश के सबसे बड़े भ्रष्टाचार और जमीन लूट के खेल में शामिल है।
“घुसपैठियों को कवर दे रही है कांग्रेस”
प्रधानमंत्री ने जमीन विवाद के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज कांग्रेस को जमीन की याद इसलिए आ रही है क्योंकि उनके ‘घुसपैठिया वोटबैंक’ से अवैध जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने कहा “काजीरंगा जैसी हमारी धरोहर और किसानों-आदिवासियों की जमीन कांग्रेस ने घुसपैठियों को सौंप दी थी। हमारी सरकार ने लाखों बीघा जमीन से घुसपैठियों को खदेड़ा है, और यही दर्द कांग्रेस को खाए जा रहा है। यह सब घुसपैठियों को सुरक्षा देने का कांग्रेस का एक गेम प्लान है।”
गांधी परिवार पर ‘नेशनल हेराल्ड’ को लेकर हमला
पीएम मोदी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को ‘शाही परिवार’ बताते हुए उन्हें भ्रष्टाचार का केंद्र बताया। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड घोटाले के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में हजारों करोड़ की कीमती जमीनें हड़पी गईं, जिसके मुकदमे आज भी अदालतों में चल रहे हैं। उन्होंने ‘राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट’ पर भी औद्योगिक जमीन हथियाने का आरोप मढ़ा।
AI के जरिए दुष्प्रचार और चाय बागान का अपमान
असम की संस्कृति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब एआई (AI) का सहारा लेकर झूठी तस्वीरें बना रही है और चाय बागान में काम करने वाली बहनों की संस्कृति को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम के विकास, सड़कों और उद्योगों के लिए दी जा रही जमीन का विरोध कर रही है, जो सीधे तौर पर यहां के युवाओं के रोजगार के खिलाफ है।
विकास की सोच बनाम वोटबैंक की राजनीति
मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास के लिए सही नीतियां अपनाई होतीं, तो असम की पीढ़ियों को इतनी परेशानियां नहीं झेलनी पड़तीं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे विकास विरोधी और भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी को पहचानें और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ चलें।

