आसनसोल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर आसनसोल में सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए हेलीकॉप्टर लैंडिंग का सफल ट्रायल पूरा किया। तकनीकी कारणों से अंतिम समय में हेलीपैड का स्थान बदलकर लोको ग्राउंड किया गया, जहाँ शाम को हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई।
छावनी में तब्दील हुआ शहर, SPG ने संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने सभा स्थल से लेकर हेलीपैड तक के पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए अहम् कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाले रूट पर सुरक्षा बलों ने व्यापक रिहर्सल की। लोको ग्राउंड से पोलो ग्राउंड तक के मार्ग पर दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है ताकि भीड़ नियंत्रित रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों (CRPF) की तैनाती की गई है।
स्टेडियम में भव्य तैयारी, हाई-टेक सुरक्षा घेरा
पोलो ग्राउंड स्थित आसनसोल स्टेडियम को ‘हाई सिक्योरिटी जोन’ घोषित कर दिया गया है। आम जनता की सुविधा के लिए यहाँ तीन बड़े हैंगर पंडाल लगाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर और एसपीजी के अधिकारियों के बीच हुई समन्वय बैठक के बाद पूरे इलाके को अभेद्य किले में बदल दिया गया है। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा कर लिया गया है और कार्यक्रम की तैयारियां अब पूरी तरह तैयार हैं।

