पलामू।पलामू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बुधवार को हुसैनाबाद स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में पहुंचते ही एसडीपीओ एस.मोहम्मद याक़ूब ने सिन्हा को बुके देकर स्वागत किया। आईजी ने कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद अनुमंडलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पुलिसिया व्यवस्थाओं का बारीकी से जानकारी ली। वहीं विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे पुलिस कार्यों की सूक्ष्मता से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों का निपटारा अविलंब करने तथा गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर उग्रवादी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया।
पलामू आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण की दिशा में पूरी सक्रियता एवं तत्परता से कार्य करें। प्रत्येक घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़े और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। पुलिस को सजग, संवेदनशील और जवाबदेह रहते हुए आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना होगा।
उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। आईजी ने हुसैनाबाद के संवेदनशील भौगोलिक परिदृश्य का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र बिहार की सीमा से सटा होने के कारण चुनावी समय में अतिरिक्त सतर्कता की मांग करता है। बिहार से सटे सभी सीमावर्ती मार्गों पर चेकनाका स्थापित कर गहन वाहन व व्यक्ति जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
आईजी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध की प्रत्येक घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। अपराधियों के विरुद्ध कड़े व प्रभावी कदम उठाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और क्षेत्र में निरंतर गश्ती बढ़ाने पर उन्होंने विशेष जोर दिया। आगामी हुसैनाबाद नगर पंचायत चुनाव को लेकर आईजी ने साफ निर्देश दिए कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप को शुरुआती स्तर पर ही रोक दिया जाए। सीमावर्ती इलाकों में इंटेलिजेंस इनपुट, रात्रि गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा बैठक में अनुमंडलाधिकारी गौरांग महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मोहम्मद याक़ूब, हुसैनाबाद के सर्किल इंस्पेक्टर विनोद राम, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार, दंगवार ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


