नई दिल्ली। ‘राष्ट्रीय बालिका दिवस’ पर केंद्रीय मंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं ने दी शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया। बालिकाओं को देश की प्रगति का आधार स्तंभ बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर कहा, राष्ट्रीय बालिका दिवस यह दर्शाता है कि बालिकाएं केवल हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारी अपार शक्ति हैं। रानी लक्ष्मीबाई, रानी वेलू नाचियार, मूला गभरू और प्रीतिलता वड्डेदार के गौरवशाली उदाहरण प्रत्येक भारतीय के हृदय को गर्व और प्रेरणा से भर देते हैं। मोदी सरकार के महिला-प्रधान विकास के मंत्र ने नारी शक्ति को विकास के पथ पर अग्रसर किया है और आज महिलाएं हमारे राष्ट्र की प्रगति का नेतृत्व कर रही हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस बालिका दिवस पर सभी लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और यह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराएं कि प्रत्येक बालिका को वे अवसर मिले जिनकी वह हकदार है, चाहें वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा और उचित पोषण हो।
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वह देश की समस्त बालिकाओं के लिए उनके प्रगतिशील एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हैं।
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि बालिका हर क्षेत्र में समान है। आइए आज, कल और हर दिन बालिका का सम्मान करें और उसका जश्न मनाएं।
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि बेटियों की उन्नति से ही, राष्ट्र की उन्नति संभव है! शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बेटियां ही सशक्त भारत एवं सृष्टि के विकास का आधार है।


