नई दिल्ली। बांग्लादेश में नई चुनी हुई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए ओम बिरला मंगलवार को ढाका पहुंच गए। हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरिम सरकार के विदेश सलाहकार एम तौहीद हुसैन ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नई सरकार के प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह एक अहम पल है, जो दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करेगा।
समारोह में शामिल होने के लिए दुनिया के अन्य देशों के नेता भी ढाका पहुंचे हैं। मुख्य सलाहकार यूनुस के न्योते पर मालदीव के राष्ट्रपति मुहम्मद मुइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, श्रीलंका एवं नेपाल के कई वरिष्ठ अधिकारी और कुछ अन्य देशों के विदेश मंत्री भी समारोह में भाग लेने के लिए उपस्थित होंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह दोनों देशों के बीच राजनयिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और सशक्त करने का अवसर माना जा रहा है।


