- रोटरी क्लब ऑफ रांची ने मेयर समेत अन्य महिला सदस्यों को किया सम्मानित
रांची : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रांची के तत्वावधान में अयोजित कार्यक्रम में नवनिर्वाचित रांची की मेयर रोशनी खलखो शामिल हुई। इस अवसर पर क्लब की महिला सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा रोटरी क्लब की ओर से मेयर को भी सम्मान प्रदान किया गया। मौके पर मेयर ने रांची शहर के विकास के लिए आगामी पांच वर्षों की प्राथमिकताओं का खाका पेश किया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं को आम लोगों के करीब लाने के लिए शहर के सभी 53 वार्डों में वार्ड कार्यालय खोले जाएंगे, ताकि छोटे-मोटे काम वार्ड स्तर पर ही निपट सकें और लोगों को निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े। मेयर ने बताया कि शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए डैम ब्रिज और डैम निर्माण, पार्कों का विकास तथा संकरी सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मेयर ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सरकार के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्होंने रोटरी क्लब से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से डॉ. भावना तनेजा, कांता मोदी, रश्मि अग्रवाल, आस्था बहल, रितिका लखोटिया, रिचा, निशी जायसवाल, पायल सूद, जसबीर वासु, शिखा अग्रवाल, अंशु बहल, ऋतु अग्रवाल, अर्चना, आरना अग्रवाल तथा प्रीशा अग्रवाल शामिल रहीं। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने भी रांची के विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।धन्यवाद ज्ञापन राजीव मोदी ने दिया।


