नई सरकार बनाने का पेश किया दावा
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज है। नीतीश कुमार ने बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने नीतीश कुमार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। बता दें कि, कल नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले एनडीए की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया. सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया।
इससे पहले राज्य मंत्रिपरिषद की सोमवार को औपचारिक बैठक हुई। यह मौजूदा नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक थी। इसमें मंत्रिपरिषद भंग करने की सिफारिश की गई है।अंतिम कैबिनेट बैठक के लिए सीएम नीतीश कुमार पटना स्थित पुराना सचिवालय पहुंचे थे। कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर विधिवत राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। इस बात की पूरी संभावना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को शपथ लेंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ समारोह की तैयारी की गई है।
17वीं विधानसभा के भंग होने के बाद नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा है। नीतीश कुमार अब 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार अपने पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक कर सकते हैं। कल यानी मंगलवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक हो सकती है और शाम तक नीतीश कुमार सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन जा सकते हैं
नई सरकार के गठन तक नीतीश कुमार ही कार्यवाहक सीएम के तौर पर मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालते रहेंगे। बिहार कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार विजय चौधरी और सम्राट चौधरी के साथ निकले थे। इस बैठक में कई वरिष्ठ मंत्री भी शामिल थे।


