पटना/दिल्ली । बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़े ‘खेला’ की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पिछले दो दशकों से बिहार की सत्ता के केंद्र रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्य की राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने जा रहे हैं। ताजा अपडेट के मुताबिक, नीतीश कुमार अगले 48 घंटों में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले सकते हैं साथ ही वो 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते है।
10 अप्रैल को मिल सकता है नया मुख्यमंत्री
सूत्रों के हवाले से खबर है कि नीतीश कुमार के दिल्ली कूच करने के साथ ही बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो जाएगा। माना जा रहा है कि 10 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नए सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है। रेस में वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है।
अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम?
मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शुक्रवार को उनके राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने की संभावना है। नीतीश के इस्तीफे के बाद बीजेपी राज्य में अपनी नई कमान सेट करने की पूरी तैयारी में है।
बिहार की सत्ता में होने वाला यह बदलाव न केवल राज्य की दिशा बदलेगा, बल्कि 2026 के विधानसभा समीकरणों को भी पूरी तरह से प्रभावित करेगा। अब सबकी नजरें दिल्ली और पटना के सियासी गलियारों पर टिकी हैं।

