बिरसा भूमि लाइव
रांची रेल मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक
रांची: रांची रेल मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रांची की वर्ष 2023 की प्रथम तिमाही बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में राजभाषा विभाग ने मंडल पर सभी विभागों द्वारा हिंदी में किए गए कार्यों का विवरण तथा दैनिक कार्यों में राजभाषा के प्रयोग को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दर्शाया।
मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष, मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति प्रदीप गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दी का प्रचार प्रसार पूरी निष्ठा के साथ करने की आवश्यकता है। यह एक बहुत ही सरल एवं सुंदर भाषा है तथा हम सभी हिंदी भाषी हैं। अतः इसे समझना और कार्य करना बहुत आसान है। साथ ही सभी शाखा अधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक हिन्दी में कार्य करने को कहा।
बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मण्डल रेल प्रबन्धक मनीष कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी शाखा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी अधिक से अधिक हिंदी में कार्य करें तथा अपने अधीनस्थ कार्यरत कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस मौके पर राजभाषा विभाग, रांची मंडल की समाचार पत्रिका रेल दर्पण के 18वें अंक का लोकार्पण मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष, मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति प्रदीप गुप्ता द्वारा किया गया। बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता बलराम प्रसाद साहू ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से यांत्रिक विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों को दर्शाया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ब्रजेश साहू, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी माणिक शंकर, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक सह मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी निशांत कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) गौरव पुरैया एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। सहायक वाणिज्य प्रबन्धक सह राजभाषा अधिकारी संजय कुमार ने बैठक का संचालन तथा सभा के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।