चतरा । टंडवा थाना क्षेत्र के डहू पंचायत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 19 वर्षीय छात्रा सबिता कुमारी का शव उसके प्रेमी के घर में फंदे से लटका पाया गया। घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, डहू पंचायत के सिदपा निवासी बुद्धू उरांव की पुत्री सबिता कुमारी, जो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा थी, सरस्वती पूजा के बाद से ही अपने प्रेमी अजय गिद (निवासी: डहूटांड) के घर पर रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, हालांकि उनकी शादी नहीं हुई थी। बुधवार की रात अचानक प्रेमी के घर में ही सबिता का शव फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला।
जनाकरी के अनुसार घटना की सूचना टंडवा थाना पुलिस को मिला है,मृत के परिवार द्वारा लिखित शिकायत टंडवा थाना को दे दिया गया है, टंडवा पुलिस द्वारा जांच पड़ताल करने में जुटी।
पुलिस की कार्रवाई और संशय : इस मामले को लेकर ग्रामीणों और परिजनों के बीच ” हत्या या आत्महत्या ” को लेकर बहस छिड़ी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच करने में जुट गई है।
पुलिस का बयान: थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
ग्रामीणों की चर्चा में बताया जा रहा है कि गांव में इस घटना को लेकर काफी गहमागहमी है। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग में उपजा विवाद बता रहे हैं, तो कुछ इसे संदिग्ध मान रहे हैं।पुलिस का कहना है कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।


