27.7 C
Kolkata
Monday, February 23, 2026

नगर निगम चुनाव : रांची के मोरहाबादी स्टेडियम से पोलिंग पार्टियां रवाना, प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रांची। झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में रविवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

इससे पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, सहायता केंद्र, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियों को मतपेटियां, मतपत्र, मुहर, प्रपत्र, चुनाव रजिस्टर और पहचान पत्र सूची सहित सभी आवश्यक सामग्री व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराई जाए। सामग्री प्राप्त करने के बाद उसका मिलान सुनिश्चित करने के उपरांत ही प्रस्थान किया जाए।

उन्होंने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने एवं बंद करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली और कहा कि निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करते हुए सीलिंग और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जाए।

पोलिंग पार्टियों को दिए गए प्रमुख निर्देश:
-सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित वाहन से समय पर प्रस्थान करें और मार्ग में अनुशासन बनाए रखें।
-मतदान केंद्र पहुंचते ही सामग्री का पुनः सत्यापन करें तथा किसी भी कमी या त्रुटि की सूचना तत्काल सेक्टर पदाधिकारी को दें।
-मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
-किसी भी अप्रिय स्थिति या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम एवं संबंधित दंडाधिकारी को दें।
-मतदान समाप्ति के बाद बैलट बॉक्स की विधिवत सीलिंग कर निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने इस मौके पर कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और संयम के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उपायुक् ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 23 फरवरी को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरनाथ आलोक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles