29 C
Kolkata
Saturday, April 4, 2026

मोतिहारी में जहरीली शराब कांड से मौत का आंकड़ा बढ़कर छह, कई गंभीर

पूर्वी चंपारण । जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब से हुई घटनाओं ने भयावह रूप धारण कर लिया है। अब तक इस कांड में छह लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। इनमें से कई ने अपनी आँखों की रोशनी भी खो दी है। सभी पीड़ितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जहां कुछ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

मृतकों में जयसिंहपुर पुलवाघाट के चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव, परिक्षण मांझी, बालगंगा के सम्पत साह, हरदिया के हरी भगत और लालकिशोर राय का नाम शामिल है। इसके अलावा, बालगंगा के विनोद साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर और लड्डू साह सहित कई अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सा टीम ने लड्डू साह और विनोद साह को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। बुधवार शाम को सभी मृतक और बीमार व्यक्तियों ने परसौना और बालगंगा क्षेत्रों में शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। लगातार हो रही मौतों से प्रभावित इलाकों बालगंगा, लक्ष्मीपुर, गदरिया, परसौना और हरदिया गांवों में मातम का माहौल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थाने के थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया है। साथ ही, मुख्य शराब कारोबारी नागा राय के रिश्तेदार चौकीदार भरत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नागा राय समेत आठ शराब कारोबारियों को हिरासत में लिया है और सप्लायरों की पहचान कर उनके ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है।

इस दौरान जिला प्रशासन ने रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पीड़ित प्रमोद यादव की पत्नी सुगंति देवी द्वारा दिए गए आवेदन में जहरीली शराब से मौत की पुष्टि की गई है। वहीं, प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर बीमारों का इलाज शुरू कर दिया है। एसपी, डीएसपी और एसडीओ समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार गांवों में गश्त कर रहे हैं और स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

डीआईजी हरकिशोर राय ने बताया कि सभी प्रभावित लोगों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और मामले में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान पीपराकोठी क्षेत्र से 700 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट में इसमें मेथनॉल पाए जाने की पुष्टि हुई है। अगर यह स्प्रिट वितरित होता तो सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस खतरनाक स्प्रिट की खेप किसे और कहां-कहां सप्लाई की गई थी। प्रशासन पूरी सतर्कता से घटना को लेकर कार्रवाई कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख