34.3 C
Kolkata
Monday, March 9, 2026

खूंटी की जर्जर सड़कों का मुद्दा विधायक रामसूर्या मुंडा ने विधानसभा में उठाया

खूंटी। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को खूंटी विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा जोर-शोर से उठा। खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से जल्द मरम्मत कराने की मांग की।

विधायक ने सदन में बताया कि नेशनल हाईवे-75 ई रांची–चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित खूंटी विधानसभा क्षेत्र के मुरहू प्रखंड अंतर्गत साड़ीगांव नाला से जीवनटोली तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा होने के बावजूद मरम्मत कार्य के दौरान अक्सर इस हिस्से को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

रामसूर्या मुंडा ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जानमाल का नुकसान भी हुआ है। जर्जर सड़क की वजह से इस मार्ग से गुजरने वाले स्थानीय लोगों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

विधायक ने इसके अलावा खूंटी प्रखंड में नदी ढीपा से पतरा टोली तक करीब सात किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क का मामला भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग की हालत भी काफी खराब है, जिसके कारण लोगों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जहां-जहां सड़क निर्माण कार्य अधूरा है, उसे जल्द पूरा कराया जाए और जो सड़कें जर्जर स्थिति में हैं उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए। विधायक ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन के साथ-साथ विकास कार्यों में भी गति मिलेगी।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles