34 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

मीरजापुर: पारिवारिक कलह ने ली युवक की जान, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मीरजापुर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 36 वर्षीय युवक ने गृह क्लेश से तंग आकर रविवार देर रात फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस आत्मघाती कदम के बाद से मृतक के दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

क्या है पूरा मामला?
सेमरी गांव के निवासी कमलेश शर्मा (36), जो पेशे से नाई थे, अपने परिवार का पालन-पोषण गांव में ही बाल काटकर करते थे। परिजनों के अनुसार, रविवार रात सभी ने साथ में भोजन किया और सोने चले गए। इसी बीच, मानसिक रूप से परेशान कमलेश घर के बाहर बने मड़हे में गए और छत की बड़ेर से रस्सी का फंदा बनाकर उस पर झूल गए।

परिजनों में मचा कोहराम
जब काफी देर तक कमलेश वापस नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढते हुए बाहर मड़हे की तरफ गए। वहां कमलेश का शव फंदे से लटकता देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक अपने पीछे 10 और 8 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

“प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।” — वेद प्रकाश पांडेय, थाना प्रभारी

इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कमलेश एक मेहनती व्यक्ति थे, लेकिन घरेलू विवाद ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख