मेसरा। बीआईटी मोड़,केदल स्थित रांची जिले के प्रतिष्ठित संस्थान मनरखन महतो ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर रंगों और खुशियों से सराबोर नजर आया। संस्थान के छात्र-छात्राओं,शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि होली का त्योहार सामाजिक एकता और प्रेम का परिचायक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा,यह पर्व हमें भेदभाव भुलाकर आपसी सौहार्द बढ़ाने का संदेश देता है। युवाओं को समाज में सकारात्मक सोच और समरसता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। निदेशक मनोज कुमार महतो ने सभी को सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल,होली मनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता बढ़ती है और संस्थान का वातावरण अधिक सहयोगात्मक बनता है। विभिन्न संकायों के प्राचार्यों ने भी प्रेम और सामूहिकता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने होली के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। ढोल-मांदर की थाप और रंगों की बौछार के बीच सभी ने सामूहिक आनंद लिया।
इस विशेष अवसर पर ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी सहित विभिन्न विभागों के प्राचार्य,व्याख्याता और शिक्षकेत्तर कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


