33 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

ममता बनर्जी की आसनसोल में महाजनसभा कल, चुनाव प्रचार को धार देने के लिए तैयारियां पूरी

आसनसोल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की चुनावी जंग अब अपने चरम पर पहुँच गई है। इसी कड़ी में तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी 12 अप्रैल को आसनसोल में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। जिले की नौ विधानसभा सीटों पर टीएमसी उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए यह सभा बेहद अहम मानी जा रही है।

गोविंद नगर मैदान में भव्य तैयारियां
यह बड़ी चुनावी जनसभा आसनसोल के केएसटीपी क्षेत्र स्थित गोविंद नगर फुटबॉल मैदान में आयोजित होगी। फिलहाल मैदान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ-साथ मंच निर्माण और बैठने की व्यवस्था युद्ध स्तर पर जारी है। विशेष आकर्षण के लिए कार्यक्रम स्थल पर एक ‘सेलिब्रेशन जोन’ भी बनाया जा रहा है। आसनसोल उत्तर से उम्मीदवार मलय घटक ने खुद आयोजन स्थल का दौरा कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चौथी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य
आसनसोल नगर निगम के उपमेयर वसीम उल हक ने बताया कि इस सभा का मुख्य उद्देश्य ममता बनर्जी के नेतृत्व को और मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पूरा जिला ममता दीदी को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित है। वहीं पार्षद श्रावणी मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनता और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

क्यों अहम है यह दौरा?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आसनसोल में ममता बनर्जी का यह दौरा पश्चिम बर्दवान जिले की सभी सीटों पर सीधा असर डालेगा। टीएमसी यहाँ से अपनी ताकत का प्रदर्शन कर विरोधियों को कड़ा संदेश देने की रणनीति पर काम कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख