हर-हर महादेव के उद्घोष और भक्ति के असीम उत्साह के साथ आज पूरे देश में महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जा रहा है। बिहार और झारखंड में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पटना, मुजफ्फरपुर, रांची और देवघर जैसे प्रमुख शहरों में प्रशासन और मंदिर समितियों ने भव्य तैयारियां की हैं।
देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम और मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘मेरी कामना है कि आदिदेव महादेव सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और हमारा भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो।’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि उनकी कृपा से विश्व में शांति और सद्भाव की भावना मजबूत हो।
वाराणसी के बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में आस्था का भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिर ट्रस्ट के सीईओ विश्व भूषण मिश्रा के अनुसार, सुबह तक ही 1.6 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यह संख्या 10 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। यहां श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि 300 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।


