रांची। झारखंड के विभिन्न जिलों में 23 फरवरी (मंगलवार) और 24 फरवरी (बुधवार) को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य के दक्षिणी-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं बुधवार को दक्षिण-पूर्वी एवं आसपास के मध्यवर्ती जिलों में बादल छाने के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
विभाग की ओर से बताया गया कि 25 फरवरी तक राज्य के कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 26 फरवरी से मौसम साफ होने का अनुमान है।
इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद कुछ समय के लिए आंशिक बादल छाए, लेकिन बाद में आसमान पूरी तरह साफ हो गया। दोपहर में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की गई।
रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 33.5 और न्यूनतम 17.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.4 और न्यूनतम 13.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 16.1 डिग्री चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।—————


