खूंटी। चाईबासा स्थित सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में 04 और 05 अप्रैल को आयोजित 8वीं झारखंड स्टेट जूनियर और सीनियर रग्बी चैंपियनशिप 2026 में खूंटी जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में जीत दर्ज कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में खूंटी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। सीनियर मेंस, जूनियर बॉयज़ और सीनियर वीमेन वर्ग में खूंटी टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं जूनियर गर्ल्स वर्ग में टीम ने उपविजेता बनकर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव सह खूंटी जिला रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेजाज असदक ने मंगलवार को बताया कि खूंटी के खिलाड़ियों की उपलब्धि से खूंटी का नाम रोशन हुआ है।
खूंटी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव सह खूंटी जिला रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेजाज असदक, रांची रग्बी संघ के शादाब खान, कोच अभिषेक टूटी तथा सहायक कोच जॉनसन मुंडु सहित कई खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।
खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

