मुंबई। रिलायंस जियो ने ग्राहकों को रिचार्ज की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए जियो प्राइम सदस्यता की घोषणा की है। ₹300 की एकमुश्त सदस्यता लेकर ग्राहक अपने मौजूदा जियो प्लान की कीमत 5 सितंबर 2027 तक लॉक कर सकेंगे। यानी सदस्यता अवधि के दौरान ग्राहक अपने पात्र प्लान को मौजूदा कीमत पर ही रिचार्ज कर पाएंगे।
20 अगस्त से शुरू होगी सदस्यता
जियो प्राइम की सदस्यता 20 अगस्त से शुरू होगी। ग्राहक मायजियो ऐप, जियो डॉट कॉम, जियो स्टोर या अधिकृत जियो साझेदार स्टोर से इसे ले सकेंगे। यह सुविधा मौजूदा प्रीपेड और पोस्टपेड ग्राहकों के साथ नए जियो ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगी। दूसरे नेटवर्क के ग्राहक नंबर पोर्ट कराकर या नया जियो कनेक्शन लेकर जियो प्राइम का लाभ उठा सकेंगे।
प्राइम सदस्यता लेने के बाद ग्राहक किसी एक रिचार्ज प्लान तक सीमित नहीं रहेंगे। वे जरूरत के अनुसार दूसरे जियो प्लान से भी रिचार्ज कर सकेंगे और सदस्यता के लाभ लेते रहेंगे।
₹299 वाला प्लान रहेगा जारी
जियो प्राइम की घोषणा ऐसे समय हुई है जब दूरसंचार क्षेत्र में रिचार्ज की कीमतों को लेकर चर्चा तेज है। एयरटेल ने हाल में अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो में बदलाव करते हुए ₹299 समेत कुछ लोकप्रिय प्लान हटा दिए हैं। इसके बाद 28 दिन की दैनिक डेटा श्रेणी में ₹349 वाला प्लान शुरुआती विकल्प बन गया है।
वहीं, जियो ने स्पष्ट किया है कि उसका मौजूदा ₹299 वाला प्लान जारी रहेगा। ऐसे में जियो प्राइम के जरिए एक साल तक मौजूदा कीमत लॉक करने का विकल्प ग्राहकों के लिए खास महत्व रखता है।
कैशबैक और अतिरिक्त सुविधाएं भी
जियो प्राइम कोई अनिवार्य रिचार्ज प्लान नहीं है। सदस्यता के साथ कुल ₹600 के दो कैशबैक वाउचर भी मिलेंगे। इनमें ₹300 का एक वाउचर नया जियोहोम या जियोपीसी कनेक्शन लेने और दूसरा ₹300 का वाउचर परिवार या दोस्त के लिए नया जियो सिम लेने पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसके अलावा सदस्यों को नए जियो उत्पादों और सेवाओं का पहले लाभ लेने का अवसर मिलेगा। उन्हें प्राथमिकता ग्राहक सहायता के लिए अलग चैनल की सुविधा भी दी जाएगी।
