24.1 C
Ranchi
Wednesday, March 29, 2023

जी-20 बैठक की मेजबानी मिलना रांची के लिए गौरव की बात : संजय सेठ

बिरसा भूमि लाइव

  • सांसद संजय सेठ का शहर वासियों से आह्वान: स्वच्छता का रखें ध्यान, अपने शहर को सजाएं

रांची: राजधानी रांची में होने वाली जी-20 की बैठक और इसके प्रतिनिधियों के स्वागत की तैयारी को लेकर सांसद संजय सेठ ने मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता की। इस पत्रकार वार्ता में सांसद श्री सेठ ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम के घोष वाक्य के साथ जी-20 के प्रतिनिधियों का स्वागत रांची सहित पूरे झारखंड की जनता के लिए गौरव की बात है। मार्च के प्रथम सप्ताह में जी-20 के प्रतिनिधि रांची आएंगे। यहां जी-20 से संबंधित बैठक होगी। यह रांची शहर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय छवि बनाने के लिए हम सबके पास एक बेहतर अवसर है।

सरकार अपने स्तर से काम करेगी परंतु सामाजिक संस्थाओं और हम सबकी, शहर के हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर को और बेहतर बनाएं। स्वच्छ बनाएं। सुंदर बनाएं ताकि हमारे शहर की अच्छी छवि लेकर जी-20 के प्रतिनिधि वापस लौटे।

सांसद ने कहा कि इस अवसर पर मैं रांची के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं से आह्वान करता हूं कि हर नागरिक अपने मोहल्लों की साफ-सफाई सुनिश्चित करें। तीन मार्च को अपने अपने घरों के आगे रंगोली बनाएं। दो और तीन मार्च को घरों के सामने दो दो दीपक अवश्य जलाएं। जिन रास्ते से अतिथि गुजरेंगे, उन रास्तों पर पुष्प वर्षा करें। नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रयास करें कि कम से कम हॉर्न बजाएं।

यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। अपने अपने घरों के सामने पौधे और गमले लगाएं। होटल संचालक अपने होटलों को बेहतर तरीके से सजाएं। हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन को भी सजाया जाए। चौक चौराहों पर फूलों की रंगोली बनाएं।

श्री सेठ ने कहा कि इस अवसर पर नगर निगम सुनिश्चित करे कि सभी टेंपो वाले एक ड्रेस में हों। टेंपो संचालक भी अनुशासित होकर टेंपो का परिचालन करें। जी-20 के प्रतिनिधि पतरातू घाटी, पतरातू डैम देखेंगे। झारखंड पर्यटन के लिए एक माइलस्टोन साबित होगा। इसलिए हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने बताया कि इसकी तैयारी को लेकर 22 फरवरी को शाम 4:30 बजे मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में रांची के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई है। जिसमें प्रतिनिधियों के स्वागत और रांची शहर को बेहतर करने से संबंधित सब के विचार लिए जाएंगे। साथ ही इसका क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Stay Connected

1,005FansLike
200FollowersFollow
500FollowersFollow

Latest Articles