खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम स्थगित
तेहरान/तेल अवीव/ वाशिंगटन/कोलंबो/दोहा । ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमले के बाद समूचा मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) रणभूमि बना हुआ है। हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई और परिवार के सदस्यों की मौत हो चुकी है। ईरान में हालात इतने मुश्किल हो गए हैं कि खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक करने के सभी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए हैं। अमेरिका-इजराइल और ईरान के आक्रामक तेवरों से उठ रही युद्ध की लपटों से व्यापक तबाही हुई है। ईरान के एक युद्धपोत को निशाना बनाकर श्रीलंका में डुबो दिया गया है। इसमें 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए हैं। सैन्य संघर्ष में उलझे राष्ट्रों का एक-दूसरे को धमकी देने का सिलसिला जारी है।
सीएनएन, सीबीएस न्यूज, द टाइम्स ऑफ इजराइल और कुछ अन्य प्रभावी समाचार प्रसारण केंद्रों की रिपोर्ट्स में इस घटनाक्रम पर व्यापक चर्चा की गई है। इनका निचोड़ है कि यह युद्ध लंबा खिंच सकता है। ईरान ने धमकी दी है कि अगर इजराइल और अमेरिका के इस्लामिक रिपब्लिक पर हमले जारी रहेंगे तो वह डिमोना न्यूक्लियर साइट को निशाना बनाएगा। उधर, ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के दागने से मध्य इजराइल में रातभर खतरे के सायरन बजते रहे। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने लोगों को तत्काल इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद आईडीएफ ने बेरूत में हिजबुल्लाह के गढ़ पर हमला किया है।
यूएस चार्टर्ड उड़ान मिडिल ईस्ट से निकली
इजराइल की मैगन डेविड एडोम एम्बुलेंस सर्विस ने कहा है कि ईरान के नए बैलिस्टिक मिसाइल हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उधर, कतर ने सावधानी बरतते हुए अमेरिकन एंबेसी के आसपास के इलाके से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा कि देश के नागरिकों के लिए यूएस चार्टर्ड उड़ान मिडिल ईस्ट से निकल चुकी है। युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली उड़ान बताई जा रही है। स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा है कि उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यूएई, कतर, सऊदी अरब और इजराइल में रह रहे लोग अगर स्वदेश लौटना चाहते हैं तो क्राइसिस इनटेक फॉर्म भरें या स्टेट डिपार्टमेंट की 24/7 टास्क फोर्स से +1-202-501-4444 पर संपर्क करें।
हिजबुल्लाह के गढ़ और अमेजन डेटा सेंटर पर हमला
इजराइल ने कहा कि उसने तेहरान के साथ-साथ बेरूत में हिजबुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला शुरू कर दिया है। ईरान ने कहा है कि उसने बहरीन में एक अमेजन डेटा सेंटर पर ड्रोन हमला किया है। इस बीच अमेरिका में रिपब्लिकन ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया जिसका मकसद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तेहरान के खिलाफ भविष्य की यूएस मिलिट्री कार्रवाई के लिए कांग्रेस से मंजूरी लेने की जरूरत थी। पेंटागन ने रविवार को कुवैत में ड्रोन हमले में मारे गए दो सदस्यों की पहचान कर ली है।
ईरान में अब तक 1000 से ज्यादा लोगों की मौत
अमेरिका की एक मानवाधिकार एजेंसी के मुताबिक, इस अमेरिका और इजराइल के हमले में अब तक ईरान के अंदर 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। रक्षामंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर युद्ध को और तेज कर दिया है। तुर्किये से श्रीलंका तक मौजूद ईरान के सैन्य साजो सामान को लक्ष्य किया गया है। इजराइल भी तेहरान और लेबनान में तेज हमले कर रहा है। हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका ने हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत को डुबो दिया। इस बीच ईरानी सरकार ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम तीन दिन टाल दिया गया है।


