34 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

IPL 2026: चिन्नास्वामी में चला RCB का ‘पावर गेम’, चेन्नई को 43 रनों से रौंदा; CSK की हार की हैट्रिक

बेंगलुरु । बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 11वें रोमांचक मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपना दबदबा कायम रखा है। आरसीबी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 43 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ ही चेन्नई की टीम सीजन में लगातार तीसरी बार पराजित हुई है।

आरसीबी का विशाल स्कोर: 20 ओवर में कूटे 250 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन मध्य और डेथ ओवरों में टीम ने गदर मचा दिया। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 250 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। पूरी पारी के दौरान चिन्नास्वामी में छक्कों की बारिश हुई, जिसमें कुल 19 छक्के और 14 चौके जड़े गए।

विराट कोहली (28) और फिल साल्ट (46) ने ठोस शुरुआत दी। देवदत्त पडिक्कल (50) ने अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। अंतिम ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड (25 गेंदों में 70 रन) ने तबाही मचाते हुए आखिरी 5 ओवरों में रिकॉर्ड 97 रन बटोर लिए।

फ्लॉप रहा चेन्नई का टॉप ऑर्डर
251 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (7) और संजू सैमसन (9) सस्ते में पवेलियन लौट गए। महज 30 रन के स्कोर पर सीएसके के तीन मुख्य विकेट गिर चुके थे। मध्यक्रम में सरफराज खान (50) ने अर्धशतक जमाकर संघर्ष की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला।

भुवनेश्वर और पांड्या की घातक गेंदबाजी
आरसीबी के गेंदबाजों ने चेन्नई को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। कृणाल पांड्या ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर चेन्नई की कमर तोड़ दी। वहीं, अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने 3 महत्वपूर्ण विकेट झटककर जीत सुनिश्चित कर दी। अंत में प्रशांत वीर (43) और जेमी ओवरटन (37) ने बड़े शॉट खेले, लेकिन वे हार का अंतर ही कम कर सके। चेन्नई की पूरी टीम 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई।

आरसीबी की गेंदबाजी यूनिट: भुवनेश्वर कुमार (3 विकेट), लुकी डफी, कृणाल पांड्या और अभिनंदन सिंह (2-2 विकेट)।

इस शानदार जीत के साथ आरसीबी ने घरेलू मैदान पर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है, जबकि चेन्नई के लिए प्लेऑफ की राह अब और मुश्किल होती दिख रही है।

 

Related Articles

नवीनतम लेख