बेंगलुरु । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ के खिलाफ आरसीबी की यह पहली ऐतिहासिक जीत है। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ही रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी अब अंक तालिका में नंबर-1 पर पहुंच गई है।
कोहली के सिर सजी ‘ऑरेंज कैप’
मैच के सबसे बड़े आकर्षण विराट कोहली रहे, जो आईपीएल इतिहास में पहली बार इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे। कोहली ने मात्र 34 गेंदों में 49 रनों की तूफानी पारी खेली। दिलचस्प बात यह रही कि वह अपने करियर में पहली बार 49 के स्कोर पर आउट हुए। इस पारी के साथ ही विराट कोहली अब इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और ऑरेंज कैप उनके नाम हो गई है।
गेंदबाजों ने लखनऊ को 146 पर रोका
पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम आरसीबी की घातक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम 146 रनों पर ढेर हो गई। मिचेल मार्श (40 रन), मुकुल चौधरी (39 रन) और आयुष बडोनी (38 रन) ने संघर्ष किया। आरसीबी की घातक गेंदबाजी: युवा गेंदबाज रसिख सलाम ने कहर बरपाते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटके। क्रुणाल पांड्या को 2 और हेजलवुड को 1 सफलता मिली।
आरसीबी की आसान जीत और तालिका की स्थिति
आरसीबी ने 15.1 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रजत पाटीदार ने 27 और जितेश शर्मा ने 23 रनों का उपयोगी योगदान दिया।आरसीबी अब 5 मैचों में 4 जीत और 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है।

