खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के भंडरा इलाके में शनिवार को हुए सड़क हादसे में इंटर के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची जिले के रांची अंतर्गत नामकुम थाना क्षेत्र के तुंजु बोतयू गांव निवासी मदिराय मुंडा (22) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार मदिराय मुंडा खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र स्थित मारंगहादा में अपनी फुआ के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह धरम दयाल इंटर कॉलेज का छात्र था और प्रतिदिन मारंगहादा से बिचना आना-जाना करता था। हाल ही में इंटरमीडिएट की अंतिम परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने पैतृक गांव गया हुआ था।
बताया जा रहा है कि शनिवार को वह बाइक से अपने गांव से वापस मारंगहादा लौट रहा था। इसी दौरान ओंडरा ढलान के पास तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और उसे अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की। पुलिस की ओर से मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


