- जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने वज्रगृह एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया
- वज्रग्रह एवं मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर सख्ती से निपटने के निर्देश
रांची जिला प्रशासन ने नगरपालिका (आम ) चुनाव-2026 की वज्रगृह एवं मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मतगणना दिनांक 27 फरवरी 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर, सुकुरहुट्टू, कांके, रांची में निर्धारित स्थान पर आयोजित की जाएगी।
इस दौरान मतगणना हॉल एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, बाहरी सुरक्षा, अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए मजबूत इंतजाम किए गए हैं। लोक शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रांसपोर्ट नगर, सुकुरहुट्टू, कांके स्थित मतगणना स्थल पर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परिसर का गहन निरीक्षण कई अहम निर्देश दिए गए : श्री भजन्त्री ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया तथा मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियों—जैसे स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था आदि—की समीक्षा की। उन्होंने कमियों को तुरंत दूर करने तथा उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए।
वज्रगृह एवं मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर सख्ती से निपटा जाए
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस बलों को निर्देश दिया कि वज्रगृह एवं मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर सख्ती से निपटा जाए। सुरक्षा की बहुस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती एवं क्यूआरटी टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत कल दिनांक 23 फरवरी 2026 को वोटिंग होगी। राँची नगर निगम में कुल 53 वार्डों के लिए 909 मतदान केंद्र, एवं बुण्डू नगर पंचायत में 13 वार्डों के लिए 16 मतदान केंद्र हैं। जहाँ कल मतदान के पश्चात पोलिंग पार्टियों सील्ड बैलट बॉक्स लेकर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचेगी। ट्रांसपोर्ट नगर अवस्थित मतगणना स्थल में बैलट बॉक्स को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की गई है जिसका देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची द्वारा गहन निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था रांची, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू किस्टो कुमार बेसरा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित सभी संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।


