नई दिल्ली । भारत सरकार के ‘नागरिक प्रथम’ संकल्प के तहत ईरान में फंसे भारतीय मछुआरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शनिवार को इस सफल निकासी अभियान की जानकारी साझा करते हुए आर्मेनियाई सरकार के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।
आर्मेनिया बना मददगार
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि भारतीय मछुआरों को ईरान से निकालकर आर्मेनिया के रास्ते सुरक्षित भारत लाया गया है। उन्होंने इस कठिन समय में मानवीय सहायता और सहयोग प्रदान करने के लिए आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारात मिर्जोयान और वहां की सरकार का धन्यवाद किया।
सफल रहा समन्वय अभियान
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह ऑपरेशन विभिन्न संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल का परिणाम था। ईरान में फंसे इन मछुआरों के लिए आर्मेनिया ने एक सुरक्षित मार्ग (Safe Passage) उपलब्ध कराया। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि विदेशों में संकट में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और उनकी घर वापसी उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

