रांची। फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का आयोजन 26 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक मोराबादी मैदान, रांची में किया जा रहा है। यह मेगा ट्रेड फेयर का ग्यारहवां संस्करण है। फेयर का समय सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा। प्रवेश टिकट 30 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक शनिवार को विशेष रूप से नाइट मार्केट का भी आयोजन होगा।
ट्रेड फेयर में रियल एस्टेट, होम एंड डेकॉर, फर्नीचर एंड इंटीरियर, लाइफस्टाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रोसेस्ड फूड, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, हैंडीक्राफ्ट्स एवं हैंडलूम उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगेगी। बच्चों के मनोरंजन हेतु विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस वर्ष फेयर में झारखंड सरकार के साथ देश के 8 राज्यों तथा 12 अंतर्राष्ट्रीय देशों की सहभागिता रहेगी। कुल 10 बिजनेस हैंगर में 480 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे तथा ऑटोमोबाइल का विशेष शो-केस भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
ट्रेड फेयर से संबंधित जानकारी हेतु आज चैंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि हर वर्ष मेगा ट्रेड फेयर को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बीटूबी एवं बीटूसी व्यापार को बढ़ावा देगा तथा राज्य के व्यापारी-उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर झारखंड की व्यापारिक क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक प्रयास है। यह मंच स्थानीय उद्यमियों, स्टार्टअप्स एवं एमएसएमई इकाइयों को नए बाजार, नई तकनीक और नए व्यापारिक संपर्क उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से राज्य में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सह सचिव रोहित पोद्दार ने बताया कि मेगा ट्रेड फेयर को भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय की प्रोक्योरमेंट मार्केटिंग सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त है, जिसके तहत राज्य की एमएसएमई इकाइयों को स्टॉल बुकिंग पर रीइम्बर्समेंट की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे राज्य के एमएसएमई एवं कुटीर उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा।
उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि देश-विदेश के व्यापारियों के लिए यह फेयर आपसी व्यापारिक आदान-प्रदान का उपयुक्त मंच है। उन्होंने प्रगति मैदान की तर्ज पर रांची में स्थायी एग्जीबिशन सेंटर की स्थापना की आवश्यकता पर भी बल दिया ताकि राजधानी में निरंतर बड़े स्तर के आयोजन सम्भव हो सकें। सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि फेयर में अफगानिस्तान, थाईलैंड, दुबई, कनाडा, इजराइल सहित 12 अंतर्राष्ट्रीय देशों की सहभागिता रहेगी। एक साथ इतने देशों के उत्पाद देखने का अवसर विरले ही मिलता है, अतः शहरवासी इस फेयर में बढ़-चढ़कर भाग लें।


