दुर्गापूजा को देखते हुए सांसद संजय सेठ ने नगर विकास सचिव को लिखा पत्र

बिरसा भूमि लाइव

  • सांसद ने कहा : एक सप्ताह के अंदर शहर के सभी सड़कों की मरम्मत कराएं
  • दुर्गापूजा में शहर में बढ़ेगा वाहनों का दबाव
  • वर्तमान समय में शहर की सड़कों से रोज हो रही है दुर्घटनाएं

रांची : दुर्गापूजा से पूर्व रांची शहर की सड़कों की मरम्मत को लेकर सांसद संजय सेठ ने नगर विकास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे को पत्र लिखा है। पत्र में सांसद ने नगर विकास सचिव को शहर की परिस्थितियों से अवगत कराते हुए, युद्ध स्तर पर दुर्गापूजा से पहले इन सभी सड़कों का निर्माण और मरम्मत करने को कहा है। सचिव को लिखे पत्र में श्री सेठ ने कहा है कि रांची में तीन फ्लाई ओवर का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर, कांटाटोली फ्लाई ओवर के साथ ही राजेंद्र चौक डोरंडा के समीप भी फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस वजह से व्यापक जाम भी लग रहा है और नागरिकों को समस्या भी हो रही है। इन तीनों योजनाओं के पूर्ण होने से रांची की जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है परंतु उससे पहले जो समस्या हो रही है, उसके समाधान के लिए कारगर कदम उठाने की जरूरत है।

सांसद ने कहा कि दुर्गापूजा का त्यौहार 10 दिन के बाद शुरू होने वाला है। इन तीनों परियोजनाओं के स्थल के साथ ही रांची शहर की अधिकतर सड़के खराब हो चुकी हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। जहां अक्सर छोटी बड़ी दुर्घटना की खबरें मिलती रहती है। दुर्गापूजा के समय बड़ी संख्या में रांची के बाहर के लोग भी यहां पंडाल और पूजा दर्शन के लिए आते हैं। रोजगार की दृष्टि से रांची से बाहर रहने वाले लोगों का भी दुर्गा पूजा के समय अपने गांव घर आना होता है। इस कारण भी शहर पर वाहनों का दबाव और भीड़ दोनों ही बढ़ता है। ऐसे में यह आवश्यक है की तत्काल रांची के सभी सड़कों की युद्धस्तर पर मरम्मत की जाए ताकि छोटी बड़ी दुर्घटनाओं पर रोक लगाया जा सके।

आम जनता को सुलभ आवागमन की सुविधा मिल सके। बड़ी संख्या में आम नागरिकों की भी शिकायत आ रही है कि इन तीनों ही परियोजना स्थल के साथ ही रांची के महत्वपूर्ण मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। उन गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही है। लोग चोटिल हो रहे हैं, मौत तक होने की खबर आ रही है; जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने रांची नगर निगम और संबंधित विभाग को निर्देश देकर रांची की खराब हुई तमाम सड़कों की मरम्मत एक सप्ताह के अंदर करने का निर्देश जारी करने को कहा है ताकि रांची के नागरिक दुर्गापूजा जैसे बड़े त्यौहार को अच्छे से मना सकें। उन्हें आवाजाही में किसी तरह की समस्या नहीं हो और दुर्घटना की भी कोई संभावना नहीं रहे। सांसद ने विश्वास जताया है कि इस विषय पर सचिव गंभीरता पूर्वक पहल कर, दिशा निर्देश जारी करेंगे।

Related Articles

Stay Connected

1,005FansLike
200FollowersFollow
500FollowersFollow

Latest Articles