हजारीबाग | भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए हजारीबाग एसीबी (ACB) की टीम ने आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने जल संसाधन विभाग के कार्यालय में छापेमारी कर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मालतो और असिस्टेंट इंजीनियर चिरंजीवी दांगी को 1.72 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कार्यालय में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, एसीबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार्य के बदले अधिकारियों द्वारा मोटी रकम की मांग की जा रही है। जाल बिछाकर जैसे ही पैसे का लेन-देन हुआ, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने दबिश दी और दोनों अधिकारियों को दबोच लिया। अचानक हुई इस छापेमारी से विभाग के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
एसीबी की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दोनों अधिकारियों को अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। टीम यह भी खंगाल रही है कि इस भ्रष्टाचार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। अधिकारियों के आवासों पर भी तलाशी लिए जाने की संभावना है।

