32 C
Kolkata
Saturday, April 4, 2026

रांची में एलपीजी की होम डिलीवरी अब अनिवार्य, गोदाम से गैस लेने पर रोक; कालाबाजारी करने वालों पर होगी FIR

रांची । राजधानी रांची में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और वितरण में होने वाली अव्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अब उपभोक्ताओं को गैस गोदामों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

होम डिलीवरी अनिवार्य, गोदाम से वितरण पर पाबंदी
बैठक में उपायुक्त ने कड़े लहजे में कहा कि गैस सिलेंडरों की डिलीवरी हर हाल में उपभोक्ताओं के घर पर ही सुनिश्चित की जाए। किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर के लिए गैस गोदाम या डिपो पर नहीं बुलाया जाएगा। गोदामों में होने वाली अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कुछ चुनिंदा स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।

कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी
DC ने गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, ब्लैक मार्केटिंग या तय मूल्य से अधिक पर बिक्री करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरी वितरण प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।

आपात स्थिति के लिए विकल्प: 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर
प्रशासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था भी दी है। यदि किसी उपभोक्ता को अत्यंत आवश्यक स्थिति में तत्काल गैस चाहिए, तो वह गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर ले सकता है। हालांकि, सामान्य 14.2 किग्रा के सिलेंडर की केवल होम डिलीवरी ही होगी।

उपायुक्त की अपील: ‘पैनिक बुकिंग’ न करें
आगामी दिनों में आपूर्ति प्रभावित होने की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने रांचीवासियों से अपील की कि वे ‘पैनिक बुकिंग’ न करें। उन्होंने कहा “उपभोक्ता अपनी तय सीमा के अनुसार ही बुकिंग करें। लाइन में लगने की कोई आवश्यकता नहीं है, गैस आपके घर तक पहुँचाई जाएगी। जिला प्रशासन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है।”

समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी (रांची) श्री कुमार रजत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रामगोपाल पांडेय और विभिन्न गैस व तेल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। गैस कंपनियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि वे निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख