अररिया। शुक्रवार की रात आई तेज आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि जिले में कहर बनकर टूटी है। ।तेज आंधी बारिश और ओलावृष्टि के कारण भारी जानमाल की क्षति हुई है।
जिले में शनिवार को घर गिरने से अब तक दो लोगों की मौत और करीबन चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
फारबिसगंज के कोठीहाट वार्ड संख्या 02 में तेज आंधी और बारिश के कारण एक फूस के घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें एक तीन साल के मासूम बच्चे शिवम राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं फारबिसगंज दरभंगिया टोला में जेसीआई का पुराना चहारदीवारी का दिवाल गिरने से 8 साल के मंतसीर की मौत हो गई है।वहीं दो अन्य बच्चे घायल हैं,जिनका इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
फारबिसगंज कोठीहाट रोड वार्ड संख्या दो सुल्तान पोखर के निकट फूस का घर गिरने से तीन वर्षीय शिवम कुमार की मौत हुई है, जो संजय राय का पुत्र था। संजय राय मूल रूप से सुल्तान पोखर के निवासी हैं और एक होटल में काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। अचानक आई इस आंधी ने उनके परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
फैंसी मार्केट के बगल स्थित लाल पक्का का दीवाल पर पेड़ गिरने और पेड़ के कारण दीवार एक फुस के घर पर गिरने से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।तीनों घायल बच्चे को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया था,जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चे को रेफर कर दिया गया।जिसमें से 8 साल के बालक मंतसीर की मौत हो गई है जबकि छह साल का मंतसा और चार साल का मोनाजिर की हालत नाजुक बताई जा रही है और पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।मृतक समेत तीनों बच्चे फारबिसगंज दरभंगिया टोला, वार्ड संख्या 11 निवासी मो.नाजिर के बच्चे हैं।वहीं तेज आंधी और बारिश में पलासी में दो लोग घायल हो गए,जिनका इलाज अररिया सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
फारबिसगंज में घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवम कुमार को मृत घोषित कर दिया तथा तीनों गंभीर को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर मुन्ना कुमार ने बताया कि तीनों घायल बच्चों की हालत बेहद नाजुक है, जिनमें से एक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। तेज आंधी और ओलावृष्टि से शहरभर में अफरा-तफरी मची रही। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने में जुटे हुए हैं।
सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी रात में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और हादसे की पूरी जानकारी ली।उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि आपदा विभाग के प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार वालों को हरसंभव मदद की जाएगी।उन्होंने तेज आंधी और बारिश के कारण शहर में पेड़ पौधों के गिरने और शहर में गंदगी जमा होने को लेकर फारबिसगंज नगर परिषद प्रशासन को ईद को लेकर युद्धस्तर पर साफ सफाई और क्षतिग्रस्त पेड़ पौधों को हटाने का निर्देश देने की बात कही।


