ग़ांधीनगर/जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में गुजरात पासिंग बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर केरू गांव के मुलानाडा रॉयल्टी नाके के पास हुआ।शास्त्रीनगर थाना अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि बस में कुल 20 यात्री सवार थे। हादसे में घायल हुए 16 यात्रियों को जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती गया गया है, जबकि मृतकों के शव महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाए गए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमाणा और रूपण गांव के निवासी थे। ये सभी जैसलमेर स्थित रामदेवरा में बाबा रामदेव के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे। दुर्घटना के दौरान एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया है। हादसे में उसके पैर का पंजा कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


