देहरादून । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रही हैं। वह शुक्रवार यानी 12 जून को देहरादून पहुंचेंगी, जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगी। उनके आगमन को लेकर शासन, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को राष्ट्रपति निकेतन परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति शुक्रवार को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहां वे 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन करेंगी। दौरे के दूसरे दिन यानी 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग तैयारियों को शत-प्रतिशत त्रुटिहीन रखें।
जिलाधिकारी ने बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी), वन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को व्यवस्थाओं से संबंधित फिटनेस या क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए।
आईएमए के पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के शामिल होने को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून को देहरादून में ‘राष्ट्रपति तपोवन’ एवं ’राष्ट्रपति निकेतन’ का उद्घाटन किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन परिसर में इस महत्वाकांक्षी ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला भी रखी थी। अब अपने इस दौरे पर वे स्वयं इसके विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
