बिरसा भूमि लाइव
होली से पहले लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। बुधवार (1 मार्च 2023) को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर अब 1,103 रुपए हो गई है।
वहीं, 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 350.50 रुपए का इजाफा किया गया है। दिल्ली में ये अब 2119.50 रुपए का मिल रहा है। इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। 1 जनवरी को कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया गया था।
इससे पहले तेल कंपनियों की तरफ से 6 जुलाई, 2022 को कीमत में इजाफा किया गया था। उस समय भी कंपनियों ने सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी की थी और यह बढ़कर 1053 रुपए का हो गया था। इससे पहले साल 2022 में 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर करीब 154 रुपए महंगा हुआ था। वहीं, ठीक इसके विपरीत 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर 357 रुपए सस्ता हुआ था। इस दौरान 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के रेट में कुल 18 बार बदलाव हुए। इसमें 12 बार सिलेंडर सस्ता हुआ और 6 बार महंगा हुआ।