जमशेदपुर | कदमा थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भाटिया बस्ती, गोस्वामी पथ निवासी सोनू करुआ उर्फ लोलो के रूप में हुई है।
वाहन चेकिंग के दौरान धराया आरोपी
मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज ठाकुर ने बताया कि सोमवार को कदमा-सोनारी लिंक रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकवाया गया। जब पुलिस ने बाइक के दस्तावेजों और नंबर प्लेट की जांच की, तो पता चला कि नंबर प्लेट फर्जी थी।
निशानदेही पर 3 बाइक बरामद
हिरासत में लेकर की गई कड़ी पूछताछ में सोनू करुआ ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल था और गिरोह का संचालन कर रहा था।
अपराधिक इतिहास और आगे की जांच
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सोनू करुआ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन से सदस्य शामिल हैं और चोरी की गई बाइकों को कहाँ खपाया जाता था।

